जांजगीर-चांपा में महिला सुरक्षा को लेकर 11 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान शुरू

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ पुलिस की रजत जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। जिले में “अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान” की शुरुआत की गई, जो 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक चलेगा। इस 11 दिवसीय अभियान के तहत जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।

अभियान का शुभारंभ 1 जनवरी को पुलिस लाइन जांजगीर स्थित CCTNS कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने की। इस अवसर पर पंचम अपर सत्र न्यायाधीश प्रियंका अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत की।

महिला सुरक्षा और जागरूकता पर विशेष जोर

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके सुरक्षा संबंधी अधिकारों, आपातकालीन सहायता, कानूनी प्रावधानों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना है। पुलिस द्वारा स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों और ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभिव्यक्ति ऐप को किया जाएगा लोकप्रिय

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा विकसित “अभिव्यक्ति ऐप” को अभियान का प्रमुख माध्यम बनाया गया है। महिलाओं के मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराने और पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे एक क्लिक पर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।

चाइल्ड सेफ्टी और ऑनलाइन सुरक्षा पर फोकस

अभियान के दौरान बच्चियों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम, ऑनलाइन शोषण, साइबर बुलिंग और डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।

समाज से सहयोग की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने समाज के सभी वर्गों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है, ताकि महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित समाज की दिशा में ठोस परिणाम सामने आ सकें।

उद्घाटन समारोह में पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, सहित अनेक प्रतिष्ठित महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

महिला सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा यह अभियान जिले में एक सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

3/related/default