(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के एक कथित प्रतिनिधि का नाम इन दिनों खास सुर्खियों में है। विधायक की सीधी-सादी छवि के विपरीत, उनके प्रतिनिधि बताए जा रहे जयकिशन पटेल पर पुलिस चौकी के भीतर ही दबंगई दिखाने, मारपीट करने और जातिसूचक गाली-गलौज करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने काउंटर केस सहित कुल तीन अलग-अलग FIR दर्ज की है।
पुलिस आरक्षक से चौकी के अंदर मारपीट
पहले मामले में प्रार्थी विकास कोसले (पिता आजूराम कोसले), निवासी ओमपुर एम-745, वर्तमान में थाना करतला में आरक्षक (क्रमांक 528) के पद पर पदस्थ हैं।
विकास कोसले ने रिपोर्ट में बताया कि 31 दिसंबर 2025 की रात लगभग 10 बजे उनके मामा के बेटे राजेन्द्र जांगड़े उनके घर आए और बताया कि जयकिशन पटेल ने उनके साथ मारपीट कर जातिसूचक गाली-गलौज की है तथा जान से मारने की धमकी दी है।
राजेन्द्र को साथ लेकर जब वे चौकी रजगामार पहुंचे और आवेदन लिख रहे थे, तभी जयकिशन पटेल वहां आ धमका। आरोप है कि उसने चौकी के भीतर ही आरक्षक विकास कोसले के साथ गाली-गलौज करते हुए कहा—
“तुम लोग मेरा क्या उखाड़ लोगे”
और चौकी स्टाफ व रात्रि गश्त अधिकारी की मौजूदगी में हाथ-झापड़ से मारपीट शुरू कर दी।
इस मामले में पुलिस ने धारा 115(2), 296, 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
डंडे और हाथ से हमला, जातिगत अपमान
दूसरी FIR राजेन्द्र जांगड़े (पिता रामरत्न जांगड़े), निवासी ओमपुर रजगामार की शिकायत पर दर्ज की गई।
राजेन्द्र ने बताया कि वह उसी दिन गांधी चौक में सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे थे, तभी जयकिशन पटेल उन्हें मंच के पीछे ले गया और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। बाद में झापड़ मारते हुए जातिसूचक गालियां दीं और कहा—
“तू मेरा क्या उखाड़ लेगा”
जान बचाकर राजेन्द्र वहां से भागे और बाद में चौकी पहुंचे। आरोप है कि वहीं जयकिशन पटेल ने दोबारा हंगामा करते हुए कहा—
“मैं रामपुर विधानसभा का विधायक प्रतिनिधि हूँ, मेरा कुछ नहीं उखाड़ सकता”
और आरक्षक विकास कोसले से भी मारपीट की।
इस प्रकरण में भी पुलिस ने धारा 115(2), 296, 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
विधायक प्रतिनिधि ने भी दर्ज कराई काउंटर रिपोर्ट
मामले में तीसरी FIR जयकिशन पटेल की शिकायत पर दर्ज हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 31 दिसंबर की रात गांधी चौक ओमपुर में विकास कोसले और राजेन्द्र जांगड़े ने उनके साथ मारपीट की, मोबाइल छीना और जान से मारने की धमकी दी।
जयकिशन पटेल की रिपोर्ट पर पुलिस ने विकास कोसले व राजेन्द्र जांगड़े के खिलाफ धारा 115(2), 3(5), 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
स्थिति तनावपूर्ण, जांच जारी
एक ही घटना क्रम से जुड़े इन मामलों में तीन अलग-अलग अपराध दर्ज होने से क्षेत्र में चर्चा तेज है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

