‘ढोंगी बाबा’ हिमाचल से गिरफ्तार, महिला से अनाचार और ब्लैकमेल का सनसनीखेज मामला

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

जांजगीर-चाम्पा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सामने आए एक चौंकाने वाले मामले में खुद को चमत्कारी बाबा बताकर महिलाओं को झांसे में लेने वाले आरोपी को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (60 वर्ष), मूल निवासी नाशिक (महाराष्ट्र), पर इलाज के नाम पर एक महिला से बार-बार दुष्कर्म करने और बाद में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप है।

👉 क्या है पूरा मामला?

पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी पामगढ़ क्षेत्र के एक गांव में “पदयात्रा” करते हुए पहुंचा था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था।

पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई, जहां आरोपी ने हाथ देखकर बीमारी ठीक करने का भरोसा दिया और मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में 26 मार्च को पामगढ़ बाजार में बुलाकर उसे “प्रसाद” दिया और अपने साथ चलने के लिए बहला-फुसलाया।

👉 इलाज के नाम पर दरिंदगी

आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ पहले बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची। वहां एक होटल में ठहराकर आरोपी ने इलाज के नाम पर बार-बार जबरदस्ती अनाचार किया।

इसके बाद 1 अप्रैल 2026 को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।

👉 सोशल मीडिया से ब्लैकमेल

घर लौटने के बाद आरोपी लगातार फोन कर पीड़िता को परेशान करता रहा। जब नंबर ब्लॉक किया गया, तो आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल कर दिया।

👉 पुलिस की सख्त कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 अप्रैल 2026 को धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

👉 इन धाराओं में हुई कार्रवाई

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम) एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

👉 पुलिस टीम का योगदान

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कडेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले एवं नवीन रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।


⚠️ सावधान रहें: ऐसे ढोंगी बाबाओं के झांसे में आने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

3/related/default