थाना पलारी पुलिस का मानवीय चेहरा: मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को देर रात सुरक्षित पहुंचाया घर, परिजनों की आंखों में छलके खुशी के आंसू

CG.ई ख़बर


बलौदाबाजार-भाटापारा।
पुलिस की छवि अक्सर कानून व्यवस्था से जुड़ी कार्रवाई तक सीमित मानी जाती है, लेकिन थाना पलारी पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल पेश की है। देर रात अकेली और भटकती हुई मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों तक पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, पलारी नगर क्षेत्र में एक महिला देर रात एकाकी अवस्था में घूमती हुई दिखाई दी। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। पुलिस टीम ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए महिला को सुरक्षित थाना परिसर लाया।

थाना परिसर में पुलिस जवानों ने महिला को सम्मानपूर्वक भोजन कराया और उसके साथ अपनापन भरा व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस ने महिला के परिजनों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि महिला चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र की रहने वाली है।

पुलिस टीम ने देर रात ही महिला के गृह ग्राम पहुंचकर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला के भाई ने अपनी बहन को सुरक्षित देखकर भावुक होकर पुलिस का आभार जताया। इस दौरान उसकी आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे।

बताया गया कि महिला के पति की दुखद मृत्यु के बाद उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था, जिसके कारण वह भटकते हुए पलारी पहुंच गई थी।

पलारी पुलिस की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों ने कहा कि पुलिस का यह रूप भरोसा बढ़ाने वाला है, जहां खाकी सिर्फ कानून का पालन ही नहीं कराती बल्कि जरूरतमंदों के लिए सहारा भी बनती है।

  • और नया

    थाना पलारी पुलिस का मानवीय चेहरा: मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को देर रात सुरक्षित पहुंचाया घर, परिजनों की आंखों में छलके खुशी के आंसू

3/related/default