(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
कोरबा। जिले के गेवरा बस्ती, नराईबोध और भिलाई बाजार क्षेत्र के ग्रामीण इन दिनों भीषण बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर मुश्किल से 3 से 5 घंटे ही बिजली उपलब्ध हो पाती है। लगभग हर दिन लंबे समय तक बिजली कटौती होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली आपूर्ति के दौरान भी बार-बार ट्रिपिंग (अप-डाउन) की समस्या बनी रहती है। उनका दावा है कि दिनभर में कई बार बिजली के आने-जाने और लगातार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण घरों में लगे टीवी, फ्रिज, पंखे, कूलर, मोटर, इन्वर्टर सहित अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि रलिया नर्सरी के पास SECL द्वारा शिफ्ट किया गया बिजली का खंभा बार-बार झुक जाता है और गिरने की स्थिति में पहुंच जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बिजली खंभे के लगातार झुकने से किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
गेवरा बस्ती, नराईबोध और भिलाई बाजार क्षेत्र के ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और SECL प्रशासन से मांग की है कि बिजली आपूर्ति को नियमित किया जाए, बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही रलिया नर्सरी के पास स्थित खतरनाक और झुके हुए बिजली खंभे को सुरक्षित तरीके से पुनः स्थापित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि और दुर्घटना से बचा जा सके।


