गेवरा बस्ती। वार्ड क्रमांक 27 के युवा पार्षद एवं कांग्रेस नेता इंद्रजीत बिंझवार अपने वार्ड में लगातार जनसमस्याओं के समाधान को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर वे कभी SECL के अधिकारियों से चर्चा करते हैं तो कभी आउटसोर्सिंग कंपनियों के अधिकारियों के समक्ष स्थानीय लोगों की समस्याएं रखते हुए रोजगार और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं।
इसी कड़ी में युवा पार्षद इंद्रजीत बिंझवार ने गेवरा बस्ती के टिकरा पारा स्थित सारथी मोहल्ले में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए बोर कराया है। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे मोहल्लेवासियों को बोर होने से राहत मिलने की उम्मीद है।
बोर कराए जाने के बाद सारथी मोहल्ले के ग्रामीणों ने युवा पार्षद इंद्रजीत बिंझवार का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में पानी जैसी बुनियादी समस्या को दूर करने की दिशा में किया गया यह प्रयास काफी महत्वपूर्ण है।
युवा पार्षद का कहना है कि वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। रोजगार, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर वे लगातार संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की आवाज उठाते रहेंगे।
स्थानीय लोगों के बीच भी पार्षद की सक्रियता को लेकर चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि यदि इसी तरह लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाएं और समाधान के लिए प्रयास करें, तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सकती है।

