जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधानपाठक पर स्कूल समय के दौरान छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में अशोभनीय एवं आपत्तिजनक व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद बच्चों में भय का माहौल बन गया। घर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए।
बच्चों ने परिजनों को बताई घटना
बताया जा रहा है कि प्रधानपाठक भुवनेश्वर कौशिक पर विद्यालय परिसर में बच्चों की मौजूदगी के दौरान अनुचित हरकत करने का आरोप है। घटना से डरे हुए बच्चों ने घर जाकर अपने माता-पिता को पूरी जानकारी दी। इसके बाद आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंचे और मामले की सूचना डायल-112 तथा पामगढ़ पुलिस को दी।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल पहुंचने पर उन्होंने प्रधानपाठक को आपत्तिजनक अवस्था में देखा। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि वीडियो बनाए जाने की जानकारी होने पर प्रधानपाठक ने जल्दबाजी में कपड़े पहन लिए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रधानपाठक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
अभिभावकों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी फैलने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ पामगढ़ थाने पहुंचे और आरोपी प्रधानपाठक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा भी अलग से विभागीय जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।
अब पुलिस जांच और शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी प्रधानपाठक पर लगाए गए आरोपों की पुलिस एवं विभागीय स्तर पर जांच जारी है।

