कोरबा। जिले के पोंडी उपरोड़ा विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने गुरुवार को छात्रावास की विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास की अधीक्षिका शारदा नेताम का व्यवहार उनके प्रति उचित नहीं है। इसके अलावा उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। छात्राओं का कहना था कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत करा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी समाधान नहीं किया गया। इसी कारण उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्राओं से चर्चा कर उनकी शिकायतें सुनीं और समस्याओं के समाधान के लिए जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्राओं ने आंदोलन समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि जिले के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ रहा है।
ऐसे में आवश्यक है कि संबंधित विभाग छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा कर विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।



