सुशासन तिहार के तहत कटघोरा पहुंच सकते हैं मुख्यमंत्री, तैयारियों में जुटा प्रशासन

CG.ई ख़बर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने "सुशासन तिहार" कार्यक्रम के तहत सोमवार को कोरबा जिले के दौरे पर आ सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री का यह दौरा कटघोरा ब्लॉक के ग्राम रजकम्मा तक सीमित रहेगा, जहां वे दोपहर 12 बजे पहुंच सकते हैं। यह पहली बार होगा जब वे इस गांव का दौरा करेंगे।

हालांकि भाजपा पदाधिकारियों को कार्यक्रम की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन प्रशासन को अब तक मुख्यमंत्री के दौरे की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। इसके बावजूद, प्रशासनिक तैयारियां जारी हैं और संबंधित विभाग सतर्कता बरते हुए संभावित कार्यक्रम की रूपरेखा बना रहे हैं।

सूत्रों का यह भी कहना है कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर (उड़न खटोला) ग्राम बोइदा में उतर सकता है, जिससे इलाके में सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए प्रशासन को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ सकते हैं।

मुख्यमंत्री के इस संभावित दौरे में विकास कार्यों की समीक्षा, स्थानीय नागरिकों से संवाद, और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान पर चर्चा की उम्मीद की जा रही है। ग्रामीणों में इस दौरे को लेकर उत्साह और उम्मीद का माहौल है, और लोग उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

यह दौरा कोरबा जिले के विकास के लिए एक अहम पड़ाव साबित हो सकता है।
3/related/default