नराईबोध भूमि अधिग्रहण मुआवज़ा कटौती पर मंत्री व विधायक को सौंप ज्ञापन

CG.ई ख़बर

कटघोरा, 17 मई 2025 CG ई खबर —
नराइबोध गांव के ग्रामीणों में SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) द्वारा भूमि अधिग्रहण के मुआवज़ा में की गई भारी कटौती को लेकर भारी आक्रोश है। 

ग्रामीणों ने बताया कि SECL गेवरा क्षेत्र द्वारा दो साल पूर्व उनके मकानों की नापी की गई थी, ताकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जा सके। लेकिन हाल ही में सामने आया कि मुआवज़ा राशि में लगभग 60% तक की कटौती की गई है, जिससे ग्रामीणों की नाराज़गी बढ़ गई है।

इस कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने 12 मई 2025 को SECL गेवरा CGM कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा था, जिसमें 19 मई तक का अल्टीमेटम देते हुए हड़ताल की चेतावनी दी गई थी। लेकिन अब तक कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज दिनांक 17 मई 2025 को ग्रामीणों ने श्रम एवं वाणिज्य विभाग के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री लखन लाल देवांगन और कटघोरा विधायक माननीय श्री प्रेमचंद पटेल को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि इस मामले को शासन स्तर पर गंभीरता से उठाया जाए और उन्हें उनका वाजिब हक दिलाया जाए।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नराइबोध की पार्षद श्रीमती अमिला पटेल के पति श्री राकेश पटेल ने किया। उनके साथ कई ग्रामीण भी मंत्री और विधायक से मुलाकात के लिए उपस्थित थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि SECL द्वारा उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है और कंपनी की चुप्पी से उनके अधिकारों का हनन हो रहा है। अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो वे व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
3/related/default