ब्रेकिंग न्यूज़ | कोरबा, 19 जुलाई 2025: (CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल) दीपका मुख्य चौक में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व अन्य नेताओं पर ईडी की कार्रवाइयों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का पुतला दहन किया।
इस एक दिवसीय धरना व पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। मौके पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरिश परसाई, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान, नेत्री कुलेश्वरी सिदार, तनवीर अहमद, रजनीश तिवारी, विकास सिंह, सुरज दास मानिकपुरी, सतीश सिंह, हर्षित देवी राजपूत, अफजल अली, विशाल शुक्ला समेत अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईडी के जरिए कांग्रेस नेताओं को डराया नहीं जा सकता, पार्टी का संघर्ष सड़क से संसद तक जारी रहेगा।
कार्यक्रम की विशेष बातें:
- पीएम मोदी और ईडी का पुतला दहन।
- भाजपा सरकार व अडानी समूह पर तीखे हमले।
- सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल, जमकर नारेबाजी।
- संचालन विशाल शुक्ला ने किया, आभार प्रदर्शन अफजल अली ने।
कांग्रेस जनों ने मंच से अपने संबोधन में सरकार पर सवालों की बौछार करते हुए कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है।