कटघोरा को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की करोड़ों की सौगात, हाईटेक बस स्टैंड, समाज भवन और शहीद प्रतिमा का किया लोकार्पण

CG.ई ख़बर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कटघोरा को दी करोड़ों की सौगात
(विजय चौहान - संभाग ब्यूरो चीफ़, CG ई खबर)

कोरबा/कटघोरा – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कटघोरा के एक दिवसीय प्रवास के दौरान क्षेत्र को करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेकर कई अहम घोषणाएँ कीं।

हाईटेक बस स्टैंड की सौगात
मुख्यमंत्री ने विधायक प्रेमचंद पटेल की मांग पर 5 करोड़ रुपए की लागत से हाईटेक बस स्टैंड के निर्माण की घोषणा की। इस सुविधा से नगरवासियों को सुगम और आधुनिक यातायात की सुविधा मिलेगी।

आदिवासी और सामाजिक संगठनों को सहयोग
सीएम साय ने आदिवासी कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। साथ ही जायसवाल कलार समाज को भी बड़ी सौगात दी गई, जिससे समाजिक एकता को नई मजबूती मिलेगी।

कसनिया चौक का नामकरण और खेल उद्यान
कसनिया चौक का नाम अब भगवान सहस्त्रबाहु चौक के नाम से जाना जाएगा। यहां 25 लाख रुपए की लागत से भव्य खेल उद्यान का निर्माण किया जाएगा। साथ ही भगवान सहस्त्रबाहु की आदमकद प्रतिमा और सुंदर गार्डन भी स्थापित किया जाएगा।

शहीद सीताराम कंवर की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री साय ने अमर शहीद सीताराम कंवर की प्रतिमा का अनावरण किया और उनके योगदान को नमन किया। इसी क्रम में रामपुर चौक का नाम बदलकर सीताराम कंवर चौक रखने की घोषणा की गई।

महेशपुर में आम सभा और जनसंवाद
महेशपुर में आयोजित आम सभा में मुख्यमंत्री ने जनसमूह को संबोधित किया और सभी समाजों के प्रमुखों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

भव्य स्वागत और उत्साह का माहौल
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वागत में पूरा कटघोरा उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।

📍CG ई खबर – आपकी आवाज, आपकी खबरें 24x7
3/related/default