जांजगीर-चाम्पा (CG ई खबर) : ज़मीन संबंधी फर्जीवाड़े के गंभीर मामले में जांजगीर पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले के अनुसार आरोपी सुनील सिंह द्वारा प्रार्थी रजत सुल्तानिया निवासी नैला को जांजगीर के कैनाल सिटी से आगे वृंदावन कॉलोनी में दूसरे व्यक्ति की जमीन को अपनी बताकर गलत चौहद्दी तैयार करते हुए रास्ते की जमीन तक का विक्रय कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित की शिकायत पर दिनांक 21.11.25 को थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 1032/25 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना जांजगीर पुलिस ने मामले को अत्यधिक गंभीरता से लेते हुए आरोपी की सकुनत में घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर विक्रय पत्र में कूटरचना कर जमीन बिक्री दस्तावेज तैयार किए और इस धोखाधड़ी के बदले प्रार्थी से 2,50,000 रुपये प्राप्त किए।
कानूनी कार्रवाई के तहत आरोपी सुनील सिंह पिता श्याम सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड क्र. 06 अनंत बिहार कॉलोनी जांजगीर को गिरफ्तार कर धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी जांजगीर एवं प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भूमि खरीद-बिक्री के दौरान दस्तावेजों एवं सीमांकन की विधिक जांच अवश्य कराएं, ताकि इस प्रकार के धोखाधड़ी के मामलों से बचा जा सके।


