निवासरायण कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने रातोंरात तोड़ा ताला, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)
जांजगीर-चांपा। शहर के निवासरायण कॉलोनी स्थित एक कपड़ा दुकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने देर रात दुकान का ताला और शटर तोड़कर नकदी, महंगे कपड़े तथा इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 10 लाख 43 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 28 दिसंबर की रात की है। दुकान संचालक जब सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नज़ारा देख उनके होश उड़ गए। ताले टूटे हुए थे और दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 324(5), 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इधर, इस बड़ी चोरी की घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और नाराज़गी का माहौल है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने भी दुकानदारों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने, CCTV कैमरे और सुरक्षा उपाय मजबूत करने की अपील की है।


