(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)
कोरबा, 30 दिसंबर 2025।
नववर्ष 2026 को जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से मनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं और लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
व्यापारियों व डीजे ऑपरेटर्स के साथ बैठक
जिले के सभी थानों में व्यापारियों एवं डीजे संचालकों के साथ बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। व्यापारियों को निर्धारित समय पर दुकानें बंद रखने, रात्रिकालीन अनावश्यक गतिविधियों से बचने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
इसके साथ ही बैंकों में नगद राशि जमा करते समय विशेष सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।
डीजे ऑपरेटर्स को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा एवं ध्वनि मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी नजर
होटल, सराफा बाजार, मोबाइल दुकानें, बैंक मार्ग, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग जारी है। इसके अलावा ढाबा संचालकों के साथ भी बैठक कर सुरक्षा और समय-सीमा को लेकर निर्देश दिए गए हैं।
पिकनिक व पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम
नववर्ष के अवसर पर पिकनिक एवं पर्यटन स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे जलाशयों की गहराई में न जाएं, जोखिम भरे स्टंट से बचें तथा शराब पीकर वाहन न चलाएं।
यातायात नियमों पर विशेष अभियान
नववर्ष के दौरान यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट तथा दोपहिया वाहन चालकों व पीछे बैठने वालों के लिए हेलमेट अनिवार्य रहेगा।
नशे में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, मोबाइल फोन के उपयोग एवं अवैध साइलेंसर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई होगी।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस प्रमुख मार्गों, बाजारों, पिकनिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। पुलिस ने आम नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं से नियमों का पालन करने, पुलिस का सहयोग करने और नववर्ष 2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण व खुशहाल तरीके से मनाने की अपील की है।

