नई दिल्ली | CG ई खबर मैक्सिको के दक्षिणी ओक्साका (Oaxaca) राज्य में एक बड़ा और दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर जाने के कारण अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 100 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मैक्सिको रेलवे लाइन का संचालन करने वाली मैक्सिकन नौसेना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया। नौसेना के अनुसार,
“इस दुर्घटना के परिणामस्वरूप 139 लोग सुरक्षित हैं, 98 लोग घायल हुए हैं और दुर्भाग्यवश 13 लोगों की जान चली गई है।”
250 लोग थे ट्रेन में सवार
मैक्सिकन नौसेना ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में 9 क्रू मेंबर और 241 यात्री, कुल 250 लोग सवार थे। हादसे के बाद 193 लोगों को खतरे से बाहर बताया गया है। घायलों में से 36 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें विशेष चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
राष्ट्रपति ने दिए जांच और राहत के निर्देश
इस हादसे पर मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने नौसेना सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल का दौरा करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, देश के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए औपचारिक जांच शुरू कर दी गई है।
महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह ट्रेन मैक्सिको की खाड़ी और प्रशांत महासागर के बीच चलती है और यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई का कार्य भी करती है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर हुए हादसे के बाद रेल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
👉 CG ई खबर लगातार इस घटना से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।


