(CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ) : बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। बिहार से रायपुर जा रही रॉयल बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 11 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा ग्राम दर्रीपारा के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस की तेज रफ्तार और सुबह के समय कम दृश्यता दुर्घटना की प्रमुख वजह मानी जा रही है। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सिम्स (SIMS) बिलासपुर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया, जिससे किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


