ठेकेदार पर श्रमिक शोषण का आरोप: एनटीपीसी ठेका श्रमिकों ने दर्री थाने में दिया आवेदन

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | कोरबा ब्लॉक रिपोर्टर : नारायण चंद्राकर)
— कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एनटीपीसी संयंत्रों में कार्यरत ठेका श्रमिकों ने ठेकेदार कंपनी मेसर्स ओम कंस्ट्रक्शन के खिलाफ श्रमिक शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए दर्री थाने में लिखित आवेदन सौंपा है। श्रमिकों ने अपने अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एनटीपीसी संयंत्रों में निर्माण, रखरखाव एवं अन्य तकनीकी कार्य ठेका प्रथा के तहत कराए जाते हैं। इन्हीं कार्यों में लगे श्रमिकों का कहना है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा उनसे नियमों के विपरीत काम कराया जा रहा है और उन्हें निर्धारित सुविधाएं एवं पारिश्रमिक नहीं दिया जा रहा।

श्रमिकों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा ठेकेदारों को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार श्रमिकों को दैनिक वेतन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन ठेकेदार द्वारा इन नियमों की अनदेखी की जा रही है। इससे श्रमिकों का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है।

ठेका श्रमिकों ने दर्री थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने श्रम विभाग और स्थानीय प्रशासन से भी हस्तक्षेप कर उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

यह मामला ठेका प्रथा के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों पर एक बार फिर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पुलिस एवं प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।

3/related/default