(CG ई खबर | मनोरंजन डेस्क) : ऑस्ट्रेलिया ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है। मंगलवार आधी रात से यह प्रतिबंध प्रभावी हो गया है, जिसके बाद बच्चे अब टिकटॉक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। सरकार ने इसे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और डिजिटल सुरक्षा के लिए आवश्यक बताया है।
इसी फैसले का समर्थन करते हुए बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भारत सरकार से भी ऐसा ही कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा,
"ऑस्ट्रेलिया जैसे देश पहले ही 16 से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया को पूरी तरह बैन कर चुके हैं और अब समय आ चुका है कि भारत को भी ऐसा करना चाहिए। हमारे बच्चे भी असली बचपन जीने के हकदार हैं। उन्हें परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलना चाहिए और सबसे जरूरी है स्क्रीन की लत से आजादी।"
सोनू सूद की इस अपील पर देशभर में बहस तेज हो गई है। बहुत से लोगों ने इसे बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए जरूरी कदम बताया, जबकि कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि जागरूकता और डिजिटल शिक्षा भी उतनी ही जरूरी है।
फिलहाल भारत सरकार की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के इस बड़े फैसले ने वैश्विक स्तर पर सोशल मीडिया उपयोग को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।


