CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

मुरादाबादः 23 दिन के नवजात की दर्दनाक मौत, नींद में दबने से दम घुटा — दंपत्ति अस्पताल में फूट-फूटकर रोए


मुरादाबाद (CG ई खबर)
— जिले के सिहाली जागीर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को दुख और हैरानी में डाल दिया है। यहां 23 दिन के नवजात शिशु की नींद में दबकर मौत हो गई। आशंका है कि रात में करवट बदलते समय माता-पिता के दबाव से बच्चे का दम घुट गया। जब उसे अस्पताल ले जाया गया, तब तक डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे।

मिली जानकारी के अनुसार सिहाली जागीर निवासी दंपत्ति ने 23 दिन पहले बेटे को जन्म दिया था। रविवार देर शाम दंपत्ति अपने नवजात के साथ बेड पर सो रहे थे। बताया गया कि बच्चा दोनों के बीच में लेटा था। रात करीब आठ बजे नवजात की मां की अचानक नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चा बेड पर निढाल हालत में पड़ा है। यह देखते ही वह घबरा गई और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए।

परिजन नवजात को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद अस्पताल परिसर में ही पति-पत्नी जोर-जोर से रोने लगे और एक-दूसरे पर बच्चे के दब जाने का आरोप लगाकर आपस में कहासुनी भी कर बैठे। परिजनों ने किसी तरह दोनों को शांत कराया और सभी गमगीन होकर घर लौट गए।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। नवजात की मौत को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।

सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि नवजात के परिजनों ने खुद को सिहाली गांव का निवासी बताया है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दम घुटने से बच्चे की मौत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

घटना ने पूरे क्षेत्र में मातृत्व सुरक्षा और नवजात देखभाल को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads