दीपका पुलिस का बड़ा एक्शन: 335 टन कोयला बरामद, छह ट्रेलर जब्त… पांच आरोपी गिरफ्तार

CG.ई ख़बर


कोयला चोरी के संगठित गिरोह का पर्दाफाश

कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल)
कोरबा जिले में कोयला चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दीपका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुनियोजित तरीके से की जा रही कोयला चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 335 टन कोयला बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 76 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

जिले में कोयले की अवैध अफरा-तफरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रही दीपका पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान अपराध में प्रयुक्त छह ट्रेलर वाहनों को भी जब्त किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में थाना दीपका पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

कर्मचारियों की मिलीभगत से रची गई साजिश

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महताब आलम ने थाना दीपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ट्रेलर संचालकों ने अदाणी पावर जयरामनगर रेलवे साइडिंग के कुछ कर्मचारियों से मिलीभगत कर एसईसीएल गेवरा खदान से अदाणी पावर जयरामनगर रेलवे साइडिंग तक परिवहन किए जाने वाले कोयले को निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया। इसके बजाय कोयले को रास्ते में ही अवैध रूप से अफरा-तफरी कर दिया गया।

बीएनएस के तहत अपराध दर्ज, त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दीपका में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके पश्चात विशेष पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप चोरी किया गया कोयला बरामद हुआ और ट्रेलर जब्त किए गए।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में—
लक्ष्मण कुमार श्रीवास, तुषार खंडे, गोपी किशन सोनझरी, दुर्गेश कुमार साहू एवं अतीक मेमन शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

3/related/default