कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले में चोरी की एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर पालिक निगम के पूर्व अधिकारी डॉ. शिरीन लाखे के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिजन इलाज के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत डाकघर के पास स्थित केआरपी नगर, कोसाबाड़ी का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर घर के पीछे से खुदाई कर भीतर घुसे और मुख्य दरवाजे व आलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित डॉ. शिरीन लाखे (पिता स्व. एन.ए. लाखे) ने पुलिस को बताया कि वे अपने परिवार के साथ इलाज के लिए अपोलो हॉस्पिटल, बिलासपुर गए हुए थे। इसी दौरान मंगलवार को दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने उनके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
ये सामान हुआ चोरी
चोरों द्वारा चोरी किए गए सामान में—
- पुराना सोने का मंगलसूत्र (लगभग 30 ग्राम)
- सोने का हार 2 नग (लगभग 30–35 ग्राम)
- सोने का कड़ा 2 नग (लगभग 30 ग्राम)
- सोने के टॉप्स 3 नग (लगभग 9 ग्राम)
- चांदी करीब 100 ग्राम
- नकद 50 हजार रुपये
शामिल हैं।
घर लौटने पर डॉ. लाखे ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर ड्राइंग रूम और बेडरूम की अलमारियों के ताले भी टूटे मिले, जबकि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर दोपहर के समय चोरी की पुष्टि हुई।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर, जांच में जुटी पुलिस
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि आसपास के अन्य कैमरों में चोरों को ऑटो से आते-जाते देखा गया है। वारदात के बाद वे अपने एक साथी के साथ बड़ी चालाकी से फरार हो गए।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।


