कलेक्टर-एसपी का औचक निरीक्षण: बोड़सरा धान खरीदी केंद्र में 95 बोरी अवैध धान जप्त

CG.ई ख़बर


प्रबंधक व प्रभारी को हटाने के निर्देश

(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर: सरस्वती)

जांजगीर-चांपा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने गुरुवार को सिवनी (नैला), बोड़सरा, जावलपुर एवं बलौदा स्थित धान खरीदी केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपार्जन कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इसी क्रम में बोड़सरा धान खरीदी केंद्र में लगभग 95 बोरी अवैध धान पाया गया, जिसका न तो टोकन कटा हुआ था और न ही किसी प्रकार की वैधानिक एंट्री दर्ज थी। मौके पर ही उक्त धान को जब्त कर लिया गया।

इस गंभीर लापरवाही पर कलेक्टर ने खरीदी केंद्र प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से धान खरीदी पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी

कलेक्टर ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए बोड़सरा समिति के प्रबंधक एवं प्रभारी को तत्काल हटाने के आदेश दिए।

कलेक्टर एवं एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने आवंटित उपार्जन केंद्रों में साप्ताहिक पीवी (PV) निरीक्षण अनिवार्य रूप से पूर्ण करें तथा उसकी रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें। इसके साथ ही धान की स्टैकिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं—जैसे बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था—सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

3/related/default