(कोरबा | CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा अंचल के सीतामढ़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मुख्य मार्ग पर मधुमक्खियों के अचानक हमलावर हो जाने से लोगों में भगदड़ मच गई। यह घटना सुबह लगभग 11:30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी मुख्य मार्ग स्थित चंडिका मंदिर के सामने, जहां नियमित रूप से हटरी (साप्ताहिक बाजार) लगती है, वहां एक पुराने पेड़ पर मधुमक्खियों ने बड़ा छत्ता बना रखा है। सुबह के समय जब लोग अपने दैनिक कार्यों में लगे हुए थे और सड़क पर आवागमन जारी था, तभी मधुमक्खियों ने झुंड में निकलकर राहगीरों और दुकानदारों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कई दुकानदारों ने घबराकर अपनी दुकानें बंद कर लीं, वहीं राहगीर सिर और शरीर को ढंकने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते नजर आए। करीब 15 से 20 मिनट तक पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना रहा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मधुमक्खियों का यह छत्ता आम लोगों की पहुंच से काफी ऊपर और जटिल स्थान पर है, जिसे स्वयं हटाना जोखिम भरा है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि किसी प्रशिक्षित और जानकार टीम के माध्यम से जल्द से जल्द इस छत्ते को हटवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके और आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।


