“कलेक्टर मेरा मामा है…” कहकर महिला से मारपीट, पाली पुलिस ने आरोपियों पर दर्ज किया अपराध

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर) :
 “हमारी पहुंच कलेक्टर तक है, कलेक्टर मेरा मामा है, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता…” — इस तरह की धमकी देकर एक महिला से मारपीट करने के मामले में पाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया टिकैतिन बाई, पति जोहितराम, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम माखनपुर, थाना पाली ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थिया के अनुसार घटना 30 नवंबर को शाम करीब 4 बजे की है, जब राजपाल सिंह, पिता समारसिंह गोड, बहोरिक राम, पिता सम्मारसिंह गोड तथा उनके अन्य सहयोगियों ने एक राय होकर, नशे की हालत में उसके साथ गाली-गलौच करते हुए धक्का-मुक्की की और हाथ में गंभीर चोट पहुंचाई।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे और उसके परिवारजनों को जान से मारने की धमकी भी दी और दहशत फैलाने के उद्देश्य से कहा कि उनकी “कलेक्टर तक पहुंच है” तथा “कलेक्टर उनका मामा है”, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना के बाद 30 नवंबर को ही आरोपियों द्वारा पुलिस सहायता केंद्र चैतमा में उसके एवं उसके परिवार के खिलाफ फर्जी शिकायत भी की गई, जिससे वह और अधिक मानसिक रूप से परेशान हो गई। आरोपियों द्वारा लगातार मारपीट व गाली-गलौच की धमकी दी जा रही थी।

लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने राजपाल सिंह आयाम, बहोरिक राम गोड एवं उनके सहयोगियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए थाना पाली में आवेदन दिया।

पाली पुलिस ने टिकैतिन बाई की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

3/related/default