रायपुर/बिलासपुर (CG ई खबर |प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल) : बिलासपुर जिले में स्टेट जीएसटी विभाग ने कोयला कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर से पहुंची स्टेट जीएसटी की विशेष टीम ने तीन प्रमुख कोल कारोबारियों के कुल 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें महावीर कोल वाशरी, फिल कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन के कार्यालय, आवास, प्लांट और वाशरी शामिल हैं।
यह कार्रवाई स्टेट जीएसटी कमिश्नर मुकेश बंसल के निर्देश पर की गई। 12 दिसंबर की सुबह शुरू हुई जांच देर रात तक चली, जिसमें कारोबारियों के लेन-देन, आय-व्यय और टैक्स रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
जांच के बाद महावीर कोल वाशरी की ओर से 10 करोड़ रुपये का सरेंडर किया गया है, जबकि फिल कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन से जुड़े ठिकानों पर जांच अब भी जारी है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि महावीर कोल वाशरी का संबंध अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन के परिवार से बताया जा रहा है, जिसके चलते यह मामला और भी चर्चा में आ गया है।
प्रारंभिक जांच में कोल मिक्सिंग सहित अन्य गतिविधियों में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) की हेराफेरी सामने आई है। विभाग का मानना है कि टैक्स बचाने के लिए विभिन्न तरीकों से नियमों का उल्लंघन किया गया, जिससे करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान जांच में जुटे अधिकारी फिलहाल सार्वजनिक बयान देने से बचते नजर आए। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक ये तीनों कोल कारोबारी लंबे समय से जीएसटी विभाग की डायरेक्ट निगरानी में थे। कारोबार से होने वाली आय की तुलना में कम टैक्स भुगतान पाए जाने के बाद रायपुर से विशेष टीम भेजकर यह बड़ी कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि इन कारोबारियों का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ है, जिसकी जांच अब जीएसटी विभाग द्वारा विस्तार से की जा रही है।


