(CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ)
कोरबा। जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मानिकपुर खदान में कार्यरत एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरदा मुख्य मार्ग पर घटित हुई।
मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा थाना क्षेत्र स्थित बुढ़ना गांव निवासी 23 वर्षीय रवि शंकर यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि रवि शंकर अपने एक सहकर्मी के साथ मानिकपुर खदान से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान तरदा के पास सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन हाईवे वाहन से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे में दोनों युवक वाहन के पहिए के नीचे आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रवि शंकर यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका साथी मामूली रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद होश आ गया।
घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह बाइक चला रहा था और रवि शंकर पीछे बैठा था। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई।
बताया गया कि रवि शंकर यादव मानिकपुर खदान में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था और परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। मृतक के पिता मिंझ राम यादव ने बताया कि रवि शंकर उनके दो बेटों में सबसे बड़ा था। उन्हें फोन के माध्यम से बेटे की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वे तत्काल अस्पताल पहुंचे।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


