अशरफ, सुरेश और नीतीश हत्याकांड में तांत्रिक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) —
कोरबा जिले में लालच और अंधविश्वास ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। उरगा थाना क्षेत्र के कुदरी–बरबसपुर स्थित यार्ड में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तांत्रिक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस जघन्य वारदात में स्क्रैप कारोबारी अशरफ मेमन, सुरेश साहू और नीतीश राट्रे की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी कथित तांत्रिक के साथ उसके सहयोगी राजेंद्र जोगी, केशव सूर्यवंशी, अश्वनी कुर्रे, संजय दास और भगवत प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
5 लाख को ढाई करोड़ बनाने का लालच बना मौत की वजह
पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 10 दिसंबर की रात यार्ड में 5 लाख रुपये को ढाई करोड़ रुपये में बदलने के लालच में तांत्रिक क्रिया कराई जा रही थी।
इस अंधविश्वास के लिए बिलासपुर निवासी कथित तांत्रिक (बैगा) आशीष दास को बुलाया गया था। इसी लालच और झूठे चमत्कार के चक्कर में तीनों की हत्या कर दी गई।
पहले संपर्क, फिर रची गई खौफनाक साजिश
एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर और सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मृतक नीतीश राट्रे का संपर्क पहले तांत्रिक से हुआ था। बाद में इस पूरे “प्रोजेक्ट” में संजय दास भी शामिल हुआ।
घटना वाली रात सभी आरोपी मौके पर मौजूद थे और तांत्रिक के निर्देश पर हत्या की योजना को अंजाम दिया गया।
रस्सी से गला घोंटकर की गई निर्मम हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि तांत्रिक के कहने पर उसके सहयोगियों ने तीनों मृतकों के गले में रस्सी डालकर एक साथ खींचा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मर्ग कायम करने के बाद मामले में हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। आवश्यकता पड़ने पर आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर और पूछताछ की जाएगी।
परिजनों ने जताई गहरी साजिश की आशंका
हालांकि पुलिस जांच में फिलहाल हत्या का कारण अंधविश्वास और लालच बताया गया है, लेकिन मृतकों के परिजन इस पूरे मामले में गहरी साजिश की आशंका जता रहे हैं।
ऐसे में आने वाले दिनों में जांच के दौरान और बड़े खुलासे होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल सभी आरोपी जेल में हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।


