चंगाई सभा में बवाल, बजरंग जायसवाल पर आरोप—ग्रामीणों को झांसे में लेकर धर्म परिवर्तन का प्रयास

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल)
— छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम सुतर्रा में आयोजित एक कथित चंगाई सभा को लेकर रविवार को जमकर विवाद हो गया। सभा के दौरान दो समुदाय आमने-सामने आ गए, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष कटघोरा थाना पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठनों एवं ग्रामीणों ने बजरंग जायसवाल पर आरोप लगाया है कि वे चंगाई सभा के माध्यम से ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। संगठनों का कहना है कि बजरंग जायसवाल पूर्व में भी कटघोरा क्षेत्र में इस प्रकार की सभाएं आयोजित कर चुके हैं, जिनका विरोध हुआ था और उस दौरान उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भी भेजा गया था। आरोप है कि उसी तरह की गतिविधियां अब सुतर्रा गांव में दोहराई जा रही थीं।

घटना स्थल पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा हुआ। इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष थाना पहुंच गए। थाने में भी भारी भीड़ उमड़ने से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में पहुंचकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि चंगाई सभा में बाहर से आए लोग भी शामिल थे, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। आरोप लगाया गया कि निसंतान दंपतियों और कैंसर सहित गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को चंगाई के नाम पर ठीक करने का झांसा दिया जा रहा था।

एक हिंदू संगठन के पदाधिकारी ने कहा कि बजरंग जायसवाल के खिलाफ पूर्व में भी आंदोलन किया गया था और यदि इस तरह की गतिविधियां आगे भी जारी रहीं, तो विरोध को और तेज किया जाएगा।

वहीं, कटघोरा थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की बातें सुनी गई हैं और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी है तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

3/related/default