कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक व्यापारी की कार को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दर्री मुख्य मार्ग पर आशीष अग्रवाल की थोक राशन की दुकान स्थित है। मंगलवार को दुकान बंद होने के कारण उन्होंने अपनी कार दुकान के बाहर खड़ी की थी। देर रात तीन युवक पैदल मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि एक युवक डिब्बे से कार पर पेट्रोल छिड़कता है और फिर माचिस से आग लगा देता है। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना पर राहगीरों की नजर पड़ते ही लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर कार मालिक भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले व्यापारी की दुकान में काम कर चुके थे और किसी पुराने विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
कोतवाली थाना पुलिस ने रामसागर पारा निवासी 24 वर्षीय शिव बंजारे उर्फ दिल्ली, 23 वर्षीय चंदन गोड और संतोष केवट उर्फ मोटू को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दुकान संचालक को अपशब्द कहते और धमकी देते हुए भी नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी चंदन गोड आदतन अपराधी है और पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। वह मुंबई में रह रहा था और कुछ माह पूर्व ही कोरबा लौटा था।
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


