कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — दीपका नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 5 सुभाष नगर में बोरवेल खराब हो जाने से वार्ड की जल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। बीते कई दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण स्थानीय रहवासी गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। परेशान नागरिकों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत कर जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
वार्ड के पुराने ज्ञान विज्ञान स्कूल के समीप स्थित प्रमुख जल आपूर्ति बोरवेल के बंद होने से बड़ी संख्या में घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस बोरवेल पर निर्भर परिवारों को खाना पकाने, नहाने और साफ-सफाई जैसे दैनिक कार्यों में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, जिससे वार्ड में नाराजगी का माहौल है।
निवासियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि सार्वजनिक उपयोग का यह बोरवेल लंबे समय से खराब पड़ा है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नागरिकों ने मांग की कि नगर पालिका परिषद तत्काल तकनीकी जांच कराकर बोरवेल की मरम्मत कराए तथा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत निस्तारी हेतु पानी की नियमित आपूर्ति शुरू की जाए।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे रहवासियों ने कहा कि पानी जीवन की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी अनुपलब्धता से सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए शीघ्र समाधान करने की अपील की, ताकि वार्डवासियों को भीषण जल संकट से राहत मिल सके।


