[CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ]
अंबिकापुर | 14 दिसंबर 2025 : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार (सेक्स रैकेट) का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला, उसका पति सुनील कुमार तथा सहयोगी हेमंत दास शामिल हैं, जो लंबे समय से वेश्यावृत्ति के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए गए।
पुलिस को 10 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि आकाशवाणी चौक के पास स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के अनुसार, युवक-युवतियों को अवैध रूप से वेश्यावृत्ति में लगाया जा रहा था। इस पर महिला थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 17/2025 दर्ज कर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत विवेचना शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई।
आगे की जांच में यह खुलासा हुआ कि महिला आरोपी का पति सुनील कुमार तथा सहयोगी हेमंत दास भी इस गिरोह का हिस्सा थे। महिला ग्राहकों की तलाश करती थी, जबकि हेमंत दास युवतियों को ग्राहकों तक पहुंचाने और लाने-ले-जाने की भूमिका निभाता था।
13 दिसंबर 2025 को पुलिस ने अंबिकापुर स्थित एक मकान में दबिश देकर सुनील कुमार (40 वर्ष), हेमंत दास (33 वर्ष) एवं एक अन्य महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- सुनील कुमार, पिता: कमला साव, उम्र: 40 वर्ष, निवासी: मयापुर, जिला सरगुजा
- हेमंत दास, पिता: स्व. राजेश दास, उम्र: 33 वर्ष, निवासी: तेलसखरिया, थाना दरिमा
तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। यह कार्रवाई राज्य में देह व्यापार के विरुद्ध सख्ती और सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित करती है।


