(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक संवाददाता : सरस्वती मरकाम)
कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते 20 दिनों के भीतर अस्पताल परिसर में तीसरी बार चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामले में ट्रॉमा सेंटर में लगाए जा रहे एयर कंडीशनर के आउटलेट, कॉपर पाइप और तार चोरों ने पार कर दिए। वहीं वायरोलॉजी विभाग में लगे एसी के आउटलेट भी चोरी हो गए हैं।
यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक रविकांत जटवार ने बताया कि चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है। साथ ही सुरक्षा में लापरवाही को लेकर अस्पताल में तैनात सुरक्षा एजेंसी कामथेन को नोटिस जारी किया गया है।
पहले भी मिल चुका नोटिस, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था
जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी चोरी की घटनाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसी को नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। अस्पताल परिसर में 50 से 55 सुरक्षाकर्मी 24 घंटे तैनात रहने के बावजूद बार-बार चोरी की घटनाएं सामने आना सुरक्षा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
वाहन स्टैंड से भी बढ़ रही चोरी की घटनाएं
अस्पताल परिसर में संचालित वाहन स्टैंड से भी बाइक चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। 26 नवंबर को मुड़ापार निवासी आलम अली की बाइक सुबह करीब 11:30 बजे चोरी हो गई थी। पीड़ित ने वाहन स्टैंड संचालक से शिकायत की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि संचालक ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने से भी इनकार कर दिया, जबकि पीड़ित द्वारा 10 रुपये की पार्किंग पर्ची कटाई गई थी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस इस ओर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करते हैं।


