कोरबा में एनटीपीसी गेट पर तेज रफ्तार बाइक हादसा, युवक गंभीर रूप से घायल

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | कटघोरा ब्लॉक संवाददाता : पिंकी महंत)

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी गेट के पास 17 दिसंबर, बुधवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर एनटीपीसी के स्टील गेट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गेट टूट गया, वहीं बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में बाइक चला रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के सिर में गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एक निजी वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने में सुरक्षित रख लिया है। फिलहाल घायल युवक की पहचान और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार बाइक और वाहन दौड़ते नजर आते हैं, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि इस विशेष घटना के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में तेज गति के कारण बाइक से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कर ऐसे हादसों से बचें।

3/related/default