चूहे ने घर में लगाई आग! किचन में रखा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फटा, लाखों का नुकसान

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल)
— कोरबा कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर सब स्टेशन के सामने गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां संतोष केवट के घर में भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत किचन से हुई और देखते ही देखते वहां रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सौभाग्यवश इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर में रखा टीवी, फ्रिज, कूलर, अलमारी, पलंग, राशन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो चुका था।

वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद पति सुजीत राठौर ने बताया कि घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था और मकान में ताला लगा हुआ था। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया, अन्यथा सिलेंडर धमाके के बाद बड़ा हादसा हो सकता था।

मकान मालिक संतोष केवट ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे पूजा-पाठ करने के बाद वे पत्नी के साथ काम पर निकल गए थे, जबकि बच्चे भी अपने-अपने कार्यों पर चले गए थे। कुछ समय बाद फोन के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने आशंका जताई कि पूजा कक्ष में जल रहे दीये की बाती को चूहा खींचकर ले गया होगा, जिससे आग भड़क गई।

घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

3/related/default