कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — ‘सत्य ही मानव का आभूषण है’ के पावन संदेश के साथ बुधवार को कोरबा शहर पूरी तरह सतनाम मय नजर आया। बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती (गुरु पर्व) के अवसर पर कोरबा सतनामी कल्याण समिति के तत्वावधान में 17 दिसंबर को एक ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सतनामी समाज सहित शहरवासियों की भारी सहभागिता देखने को मिली।
शोभायात्रा का शुभारंभ पावन सीतामणी जैतखाम से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सतनाम प्रांगण, टी.पी. नगर तक पहुंची। यात्रा के दौरान आस्था, शक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम दिखाई दिया, जिसने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया।
शोभायात्रा में डीजे के साथ लेजर लाइट शो आकर्षण का केंद्र रहा, वहीं पंथी दलों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक पंथी नृत्य और कर्मा नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शौर्य प्रदर्शन, आकर्षक झांकियां और भव्य आतिशबाजी ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
ऐतिहासिक शोभायात्रा की सफलता के पश्चात स्टेडियम स्थित सामाजिक भवन में भी बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कोरबा शहर के साथ-साथ औद्योगिक नगरी दीपका, गेवरा, कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री, बरपाली, रामपुर, पसान, पोड़ी उपरोड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुरु घासीदास जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में जैतखाम स्तंभ पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा पंथी नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश के साथ पूरा कोरबा जिला इस पावन अवसर पर भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता के रंग में सराबोर नजर आया।


