हाथियों का तांडव: कोरबा में महिला की कुचलकर मौत, एक सप्ताह में तीन लोगों की गई जान; ग्रामीणों में दहशत

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल)
— कोरबा जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में दंतैल हाथी के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बीते एक सप्ताह में हाथियों के हमले में तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि पिछले 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

ताजा मामला कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिंझरा का है। गुरुवार तड़के सुबह गांव से लगे जंगल में शौच के लिए गए पति-पत्नी पर अचानक एक दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। हाथी को सामने देखते ही पति किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, लेकिन महिला उसकी चपेट में आ गई। हाथी ने महिला को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 36 वर्षीय मीना बाई, पत्नी रामकुमार, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों शौच कर वापस लौट रहे थे, तभी जंगल किनारे हाथी से उनका आमना-सामना हो गया।

इससे पहले 24 घंटे पूर्व चैतमा वन परिक्षेत्र में भी हाथी के हमले की घटना सामने आई थी। यहां पति-पत्नी अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी हाथी ने घर में घुसकर हमला कर दिया। हाथी ने महिला को पटक-पटक कर मार डाला, जबकि पति खाट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वहीं, करीब पांच दिन पहले बिलासपुर रेंज में भी हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो चुकी है।

वन विभाग के अनुसार, यह वही दंतैल हाथी हो सकता है जो झुंड से बिछड़कर बिलासपुर रेंज से होते हुए कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में पहुंचा है। हाथी लगातार मानव बस्तियों के आसपास घूम रहा है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कटघोरा के डीएफओ निशांत झा ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय अमला घटनास्थल पर पहुंचा और पूरे मामले की जांच की गई। मृतका के परिजनों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। साथ ही हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर अकेले न जाएं, रात के समय विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

लगातार हो रही मौतों के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने और स्थायी समाधान की मांग की है।

3/related/default