रायपुर — ढाबे के सामने युवक की चाकू मारकर हत्या, लूट की नीयत से आए बदमाश; इलाके में सनसनी

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : नारायण चंद्राकर) 

रायपुर। राजधानी से सटे खरोरा थाना क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खरोरा–रायपुर मेन रोड पर ग्राम बरौंडा के पास स्थित किंग द ढाबा एंड रेस्टोरेंट के सामने अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात बीती रात करीब 11:30 बजे की है। तीन अज्ञात युवक ऑरेंज रंग की KTM मोटरसाइकिल से खरोरा की ओर से आए और ढाबे के सामने रुके। आरोपियों ने पहले वहां मौजूद युवक से बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान अचानक बदमाशों ने चाकू निकाल लिया और लूटपाट की नीयत से युवक पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ढाबे और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी

घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी कर दी है तथा संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुरुआती जांच में यह मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

3/related/default