शव दफन को लेकर विवाद, विरोध के बीच ग्रामीण आमने-सामने

CG.ई ख़बर


चार घंटे तक रुका अंतिम संस्कार, पुलिस हस्तक्षेप के बाद बनी सहमति

[ CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ ]

कोरबा। जिले के बांगो थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कछार में एक वृद्ध के शव को दफनाने को लेकर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब अंतिम संस्कार के दौरान भूमि स्वामित्व को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि करीब चार घंटे तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकी रही और गांव में तनाव का माहौल निर्मित हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कछार निवासी भोंदल यादव (उम्र लगभग 60 वर्ष) का निधन हो गया था। उनके दामाद देवनारायण यादव एवं परिजन अंतिम संस्कार हेतु गांव के बाहर स्थित एक शासकीय भूमि पर पहुंचे थे, जहां शव दफनाने के लिए गड्ढा खोदा जा चुका था। इसी दौरान ग्राम निवासी धनी प्रसाद धनवार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उक्त भूमि को अपनी निजी जमीन बताते हुए शव दफनाने पर आपत्ति दर्ज कराई।

आपत्ति के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अंतिम संस्कार रोकना पड़ा। परिजन काफी देर तक असमंजस की स्थिति में रहे। मामले की सूचना मिलते ही डायल 112 और बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी और आपसी सहमति के बाद ही मृतक भोंदल यादव का अंतिम संस्कार संपन्न कराया जा सका।

बताया जा रहा है कि जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, वह शासकीय भूमि है, हालांकि धनी प्रसाद धनवार द्वारा उक्त जमीन का पट्टा अपने नाम पर होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने भविष्य में ऐसे विवादों से बचने के लिए दोनों पक्षों को भूमि सीमांकन कराने की सलाह दी है।

घटना के बाद गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन यह मामला ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवाद की गंभीरता को एक बार फिर उजागर करता है।


3/related/default