धर्मांतरित सरपंच के पिता के शव दफन को लेकर बवाल, चर्च में आगजनी; कब्र से निकाला गया शव

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | जिला रिपोर्टर : नारायण चंद्राकर)

कांकेर/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत बड़े तेवड़ा गांव में रविवार को धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफन को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों के विरोध के बीच प्रशासन को कब्र से शव बाहर निकलवाना पड़ा। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक ग्राम सरपंच का पिता था, जिसने पूर्व में धर्म परिवर्तन कर लिया था। रविवार को परिजनों द्वारा शव को गांव में दफनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिस पर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि परंपरा और सामाजिक सहमति के बिना दफन किया जाना स्वीकार्य नहीं है। इसी बात को लेकर विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

आक्रोशित भीड़ ने प्रदर्शन करते हुए गांव स्थित चर्च में तोड़फोड़ की और आगजनी कर दी। इतना ही नहीं, सरपंच के घर में भी तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। हालात बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिस से ग्रामीणों की झड़प हो गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर हालात पर काबू पाया गया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद शव को कब्र से बाहर निकालकर वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा की गई। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच की जा रही है। आगजनी और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दोनों पक्षों से संयम बरतने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

3/related/default