संभल (CG ई ख़बर)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। चंदौसी क्षेत्र में पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की हथौड़े और लोहे की छड़ से हत्या कर दी और शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूबी और उसके प्रेमी गौरव के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला राज
एसपी बिश्नोई के अनुसार, चंदौसी के मोहल्ला चुन्नी निवासी रूबी ने 18 नवंबर को अपने पति राहुल (38) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को ईदगाह इलाके के पास एक नाले से एक क्षत-विक्षत शव मिला, जिसमें सिर, हाथ और पैर नहीं थे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और फोरेंसिक टीम ने डीएनए सैंपल लिए। जांच में सामने आया कि शव पर ‘राहुल’ नाम लिखा हुआ था। तकनीकी जांच और गुमशुदगी रिपोर्ट की समीक्षा से पुष्टि हुई कि 18 नवंबर से राहुल का मोबाइल फोन बंद था। इसके बाद पुलिस का शक रूबी पर गहराया।
अवैध संबंध बने हत्या की वजह
पूछताछ में रूबी ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि राहुल ने उसे उसके प्रेमी गौरव के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर राहुल की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राहुल पर लोहे की रॉड और मूसल से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ग्राइंडर की मदद से शव के टुकड़े किए गए। शव का एक हिस्सा नाले में फेंका गया, जबकि बाकी हिस्सों को राजघाट ले जाकर गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया गया।
हत्या में इस्तेमाल औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया ग्राइंडर, लोहे की छड़ और अन्य औजार बरामद कर लिए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


