(CG ई ख़बर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ़)
कोरबा, 13 दिसंबर।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुड़ापार में प्रदेश संगठन मंत्री माखनलाल नेताम के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने वाहन चालकों को नशे की अवस्था या अत्यधिक थकान व नींद की स्थिति में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सड़क पर होने वाली आकस्मिक घटनाओं में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रात्रिकालीन पेट्रोलिंग का भी आयोजन किया गया।
उपस्थित पदाधिकारी
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री माखनलाल नेताम, जिला अध्यक्ष रामनारायण (गुड्डू भैया), ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पटेल, ब्लॉक संगठन मंत्री सुनील पटेल, ब्लॉक प्रभारी महेंद्र कश्यप, सचिव सुनील बंजारे, ब्लॉक मीडिया प्रभारी शैलेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष अजय पटेल, ब्लॉक सहसचिव शनिराम रोहिदास सहित खूबलाल सीटर, दशरथ दास एवं शिवनारायण उपस्थित रहे।
अभियान का मुख्य संदेश
जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों से निम्नलिखित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई—
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
- थकान या नींद आने पर वाहन चलाने से बचें।
- निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन करें।
- वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


