गरियाबंद (CG ई खबर) 25 दिसंबर 2025 — छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान कल्प कुंभ नगरी राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिल गया है। शासन द्वारा राजिम को नगर पंचायत से उन्नत कर नगर पालिका घोषित करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार, राजिम का वर्तमान सीमा क्षेत्र ही नई नगर पालिका की सीमा के रूप में प्रभावी रहेगा।
इस संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए इसकी पुष्टि की है। नगर पालिका का दर्जा मिलने से राजिम में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और शहरी विकास से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
नगर पालिका बनने की घोषणा के बाद राजिम नगरवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इसे राजिम के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। साथ ही, कल्प कुंभ और धार्मिक पर्यटन को भी इससे नई पहचान और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।


