पुलिस कार्रवाई के विरोध में रायपुर में मुस्लिम समाज का धरना, ईसाई समाज भी हुआ शामिल

CG.ई ख़बर


रायपुर (CG ई खबर): 
राजधानी रायपुर में पुलिस की कार्यवाही के विरोध में आज मुस्लिम समाज के लोगों ने राजीव गांधी चौक पर धरना प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में ईसाई समाज के लोग भी शामिल रहे। धरने के दौरान प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे महिला थाना चौक से लेकर मोतीबाग चौक तक एक ओर का यातायात काफी देर तक बाधित रहा और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे मुस्लिम समाज के लोगों का आरोप है कि राजधानी पुलिस कार्यवाही के नाम पर उनके समाज के लोगों को प्रताड़ित कर रही है। उनका कहना है कि बीते दिनों एक प्रतिबंधित मोबाइल एप पर बातचीत करने के आरोप में पुलिस तड़के सुबह चार-पांच बजे कुछ लोगों के घर पहुंची और उनसे अपराधियों जैसा व्यवहार करते हुए पूछताछ की गई, जिससे समाज में रोष है।


इस मुद्दे पर राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाकर प्रताड़ित करना गलत है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं, भाजपा विधायक सुनील सोनी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस धर्म या जाति देखकर नहीं, बल्कि अपराध देखकर कार्यवाही करती है। उन्होंने कहा कि जांच में पुलिस को सहयोग करना चाहिए और यदि किसी को पुलिस की कार्यप्रणाली पर आपत्ति है तो उसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की जा सकती है।

फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया, वहीं मामले को लेकर जांच और राजनीतिक बयानबाजी जारी है।

3/related/default