कांकेर में धर्मांतरण को लेकर तनाव, घरों में तोड़फोड़, गांव में पुलिस बल तैनात

CG.ई ख़बर


कांकेर : (CG ई खबर) 
छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन सामने आ रहे ऐसे मामलों के चलते सामाजिक तनाव और हिंसक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुसागांव (पूसा गांव) का है, जहां धर्मांतरित परिवारों के घरों पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की गई। इस घटना में पांच से छह घरों को नुकसान पहुंचने की सूचना है, जिसके बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, अंतागढ़ विकासखंड के आमाबेड़ा क्षेत्र में आने वाले पुसागांव में धर्मांतरित 12 परिवारों की घर वापसी और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को हटाने की मांग को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो धीरे-धीरे उग्र रूप लेता चला गया। हालात बिगड़ने पर असामाजिक तत्वों ने कुछ घरों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जो परिवार धर्मांतरित हुए हैं, वे या तो अपनी मूल रूढ़ि-परंपराओं में वापस लौटें या फिर गांव छोड़ने का लिखित आश्वासन दें। धर्मांतरण को लेकर क्षेत्र में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ है। हाल ही में ग्राम पंचायत बड़े तेवड़ा में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प और उसके बाद पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच हुई नोकझोंक ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित कर गांव में शांति और सामान्य माहौल बहाल करना है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार गांव में कैंप कर हालात को संभालने का प्रयास कर रहे हैं।

3/related/default