वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
नर्मदापुरम/टिमरनी (CG ई खबर) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले से पुलिस विभाग की छवि को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत एक प्रधान आरक्षक ने न केवल पुलिस के शासकीय ट्रक को दुर्घटनाग्रस्त कर दिया, बल्कि हादसे के बाद सड़क पर उतरकर खुलेआम नाचते–गाते हुए हंगामा भी किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार यह मामला टिमरनी नगर के वार्ड क्रमांक 3, छिदगांव रोड का बताया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन नर्मदापुरम यातायात पुलिस का शासकीय ट्रक है, जो हरदा से बैरिकेड्स लेकर वापस नर्मदापुरम लौट रहा था। इसी दौरान चालक ने शराब के नशे में ट्रक चलाते हुए वाहन को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सड़क पर उतरकर किया हंगामा, वीडियो में कैद हरकत
हादसे के बाद ट्रक चालक प्रधान आरक्षक वाहन से नीचे उतरा और सड़क पर नशे की हालत में डांस करने लगा तथा गाना गुनगुनाता नजर आया। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रधान आरक्षक यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि “हां, मेरा वीडियो बना ले।”
प्रधान आरक्षक का नाम चंदन
टिमरनी थाना प्रभारी मुकेश गौड़ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन चालक का नाम चंदन है, जो नर्मदापुरम में पदस्थ प्रधान आरक्षक है। घटना के बाद टिमरनी पुलिस ने शासकीय वाहन को जब्त कर लिया और शराब के नशे में धुत प्रधान आरक्षक को थाना लाकर बैठाया गया।
मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी प्रधान आरक्षक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। मामले में विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि जिन पर कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी है, वही जब कानून तोड़ते नजर आएं तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा।


