(CG ई खबर | पिंकी महंत : कटघोरा ब्लॉक संवाददाता) कोरबा : बांकीमोगरा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश शीर्ष नेतृत्व ने बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से उन्हें भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है।
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के बाद राजनीतिक हलकों में भागवत विश्वकर्मा को कोरबा पश्चिम क्षेत्र के भाजपा के प्रभावशाली और भरोसेमंद नेताओं में गिना जा रहा है। वे बांकीमोगरा क्षेत्र के पार्टी के पुराने, जमीनी और सक्रिय नेताओं में शामिल रहे हैं, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में निरंतर योगदान दिया है।
शहर और ग्रामीण—दोनों क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के करीबी सहयोगी भी रहे हैं। वर्ष 2023 के कोरबा विधानसभा चुनाव के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा उन्हें कई अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियाँ सौंपी गई थीं, जिनका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
भागवत विश्वकर्मा की नियुक्ति से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा को नई ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही, आगामी चुनावी रणनीतियों में भी पार्टी को इसका लाभ मिलने की संभावना है। इस नियुक्ति से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और उन्हें लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।


