कोरबा (CG ई खबर|कोरबा जिला संवाददाता : सत्या पटेल) : जिले में बुधवार देर रात हुए एक दिल दहला देने वाले घटनाक्रम ने पूरे क्षेत्र को दहशत और शोक में डूबो दिया है। स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े अशरफ मेमन सहित तीन लोगों की उनके फार्महाउस में गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला तिहरे हत्याकांड का होने से पुलिस और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में अशरफ मेमन, एक स्थानीय युवक और बिलासपुर निवासी एक युवक शामिल हैं। घटना को जिस तरह अंजाम दिया गया है, उससे यह साफ संकेत मिलते हैं कि हत्या बेहद क्रूर और योजनाबद्ध तरीके से की गई है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना स्थल—कोरबा शहर के पास स्थित मेमन का फार्महाउस—से कई अहम साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जांच टीम सक्रिय हो गई है और पूरे मामले की तह तक पहुँचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस तिहरे हत्याकांड से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


