कुसमुंडा क्षेत्र में लापता बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर |
कटघोरा ब्लॉक संवाददाता : पिंकी महंत) कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। कुसमुंडा खदान के समीप बरपाली (खोडरी) इलाके में एक लापता बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान चैतराम यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वैशाली नगर, खम्हरिया के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चैतराम यादव पिछले 10 से 12 दिनों से लापता थे। उनके परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी। मंगलवार को उनका शव कुसमुंडा खदान जाने वाले ऊपरी रास्ते पर, खोडरी बरपाली क्षेत्र के पास बरामद किया गया।

ठंड से मौत की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक ठंड के कारण उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

परिजनों ने बताया कि चैतराम यादव अक्सर घर से घूमने निकल जाते थे और कुछ समय बाद लौट आते थे, लेकिन इस बार कई दिनों तक वापस नहीं आने पर परिवार को चिंता हुई।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

3/related/default