कोरबा जनपद में विकास कार्यों की समीक्षा
(CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ)
कोरबा। जिले के जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विभिन्न मदों से स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। यह समीक्षा जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित पंचायत सचिवों की बैठक के दौरान जनपद सीईओ खगेश कुमार निर्मलकर द्वारा की गई।
बैठक में जिला खनिज न्यास निधि, समग्र शिक्षा, सांसद एवं विधायक मद, 14वें वित्त आयोग के ब्याज मद से स्वीकृत कार्यों के साथ-साथ नेशनल हाईवे से संबंधित निर्माण कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
सीईओ ने शाला भवन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन जैसे जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय एवं शेड के कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जनपद की चार पंचायतों में निर्माणाधीन अटल डिजिटल सेवा केंद्रों को 26 दिसंबर से पूर्व पूर्ण करने के आदेश जारी किए गए। साथ ही सभी पंचायतों में स्थित अटल चौकों की नियमित साफ-सफाई एवं रंग-रोगन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की अलग से समीक्षा की गई। संबंधित पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया कि दिसंबर माह तक सभी आवासों का निर्माण पूर्ण किया जाए।
इसके अतिरिक्त सभी पंचायत भवनों को प्रतिदिन खोलने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक सोमवार को सभी पंचायत सचिवों की कार्यालय में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।
समीक्षा के दौरान जिन निर्माण कार्यों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई, संबंधित पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि अगली समीक्षा बैठक तक कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध वसूली की कार्रवाई हेतु प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा।


